दंतेवाड़ा। बीती रात माओवादियों ने फिर अपने नापाक इरादे को अंजाम दिया है। जिले के गुमियापाल इलाके में निवासरत दो बुजुर्ग का माओवादियों ने अपहरण कर लिया है। अगवा किए गए दोनों बुजुर्ग एक पुलिसकर्मी के माता-पिता हैं। इस बात की पुष्टि दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने की है।
पुलिसकर्मी के माता-पिता को अगवा किए जाने के पीछे माओवादियों की मंशा जग जाहिर है। लेकिन इस तरह की वारदातों से पुलिसकर्मियों का हौसला टूटता है, इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता।
पुलिसकर्मी के माता-पिता की रिहाई के लिए पुलिस किस रणनीति के तहत आगे बढ़ रही है, फिलहाल इसका खुलासा नहीं किया गया है। इस मामले में प्रदेश सरकार और उच्चाधिकारियों के बीच चर्चा के उपरांत ही निर्णय होने की संभावना जताई जा रही है।