मुंबई। महेंद्र सिंह धोनी एक ऐसा नाम, जिन्होंने भारतीय क्रिकेट में अपनी एक अलग पहचान बनाई। भारतीय टीम को एक आयाम तक पहुंचाया। विपक्षी टीम को कैसे मात देना है शायद ही उनसे बेहतर कोई जानता हो! कैप्टन कूल के नाम से मशहूर धोनी ने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को कई यादगार पल दिए हैं। यूं ही नहीं एमएस की गिनती दुनिया के सबसे बेहतरीन कप्तानों और फिनिशरों में होती है। 16 साल के करियर में धोनी ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। सात जुलाई 1981 को जन्मे धोनी ने क्रिकेट में वो सबकुछ हासिल किया, जिसके वो हकदार थे। आज यानी सात जुलाई को उनका 39वां जन्मदिन है।
आईसीसी की सभी तीन ट्रॉफी जीतने वाले एकमात्र कप्तान : महेंद्र सिंह धोनी की गितनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे सफल कप्तानों में होती है। धोनी आईसीसी की सभी तीन ट्रॉफी जीतने वाले एकमात्र कप्तान हैं। धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप, 2011 में उनकी कप्तानी में भारत ने दूसरी बार वर्ल्ड कप का खिताब जीता। वहीं, धोनी की कप्तानी में भारत ने 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब भी अपने नाम किया। धोनी ने टीम इंडिया के लिए तीन आईसीसी ट्रॉफी जीतकर देश का मान बढ़ाया।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा स्टंपिंग का रिकॉर्ड : एमएस धोनी की विकेटकीपिंग का कायल तो हर कोई रहा है। विकेटकीपिंग में बिजली की गति से स्टंप करने की कला शायद ही कोई धोनी से बेहतर जानता हो। माही के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा स्टंपिंग का रिकॉर्ड है। माही ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 192 बार खिलाड़ियों को स्टंप किया है। ईएसपीएनक्रिकइंफो के मुताबिक, उनके नाम टेस्ट में 38, वन-डे में 120 और टी-20 में 34वीं बार स्टंपिंग का रिकॉर्ड है।
कप्तानी का रिकॉर्ड : महेंद्र सिंह धोनी के नाम भारत की तरफ से सबसे ज्यादा कप्तानी का रिकॉर्ड है। उन्होंने टीम इंडिया के लिए 60 टेस्ट, 200 वन-डे और 72 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी की है। इसके साथ ही साथ ही भारत की तरफ से सबसे ज्यादा 27 टेस्ट, 110 वन-डे, और 41 अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच जीतने वाले कप्तान हैं।
धोनी के कई दोस्त ने उन्हें सोशल मीडिया के जरिये जन्मदिन की बधाईया दी है किसी ने ट्वीट करके तो किसी ने पुरानी फोटो शेयर करके याद किया है।