कोझीकोड। केरल में शुक्रवार शाम हुए विमान हादसे में मृतकों का आंकड़ा 21 हो गया है। इनमें दोनों पायलट भी शामिल हैं। विमान का ब्लैक बॉक्स मिल गया है। एविएशन मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी कोझिकोड पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपए और गभीर घायलों को 2-2 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है। जिन्हें मामूली चोटें आई हैं उन्हें 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।पुरी ने कहा- यह विमान हमारे सबसे अनुभवी कमांडर, कैप्टन दीपक साठे उड़ा रहे थे। वे इस एयरपोर्ट पर 27 बार लैंडिंग कर चुके थे। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले इसी एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान में आग लग गई थी। उसके बाद किए गए सुरक्षा उपायों की वजह से ही इस हादसे में मौतें कम हुईं।
ऑक्सफोर्ड के एक्सपर्ट का दावा- लैंडिंग के समय तूफान आ रहा था
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में एविएशन और मीटियरोलॉजी (मौसम विज्ञान) के एक्सपर्ट साइमन प्राउड ने दावा किया है कि हादसे के समय करिपुर में तेज तूफान आ रहा था। उन्होंने इसकी पुष्टि के लिए सैटेलाइट डेटा भी साझा किया है।
मलप्पुरम कलेक्टर के गोपालकृष्णन ने बताया कि विमान में 180 यात्री और 6 क्रू मेंबर थे। 149 जख्मी हुए हैं। 22 को मामूली चोटें आई थीं, जिनकी इलाज के बाद छुट्टी कर दी गई। बाकी 127 का मलप्पुरम और कोझीकोड के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें से 22 की हालत नाजुक है।
127 का इलाज चल रहा, 22 की हालत नाजुक
मलप्पुरम कलेक्टर के गोपालकृष्णन ने बताया कि विमान में 180 यात्री और 6 क्रू मेंबर थे। 149 जख्मी हुए हैं। 22 को मामूली चोटें आई थीं, जिनकी इलाज के बाद छुट्टी कर दी गई। बाकी 127 का मलप्पुरम और कोझीकोड के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें से 22 की हालत नाजुक है। दुबई में भारतीय दूतावास शनिवार को खुला रहेगा, ताकि मृतकों के परिवारों और घायलों की मदद की जा सके। एविएशन मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी ने कहा- 127 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाकियों की इलाज के बाद छुट्टी हो गई है। मैं भी करिपुर जा रहा हूं। विमान में आग लग जाती तो हमारा काम और मुश्किल हो जाता।
2 बार लैंडिंग टाली गई
कल वंदे भारत मिशन के तहत एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट एएक्सबी-1344 दुबई से शुक्रवार शाम 7.41 बजे कोझीकोड पहुंची थी। भारी बारिश के बीच रनवे नंबर 10 पर पायलट को लैंडिंग करने में दिक्कत आ रही थी। 2 बार लैंडिंग टाल भी दी गई। तीसरी कोशिश के दौरान फ्लाइट फिसल गई और रन-वे से आगे निकल गई। विमान 35 फीट गहरी खाई में गिर गया।