रायपुर। कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। कांग्रेस ने 30 नेताओं को स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है। इस सूची में छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल का भी नाम शामिल किया गया है। स्टार प्रचारकों की सूची में मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी, मीराकुमार, शत्रुघ्न सिन्हा, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी समेत 30 नेताओं को जगह मिली है। गौरतलब है कि बिहार के 243 विधानसभा सीट में तीन चरणों वोटिंग होगी।
पार्टी की ओर से जारी की गई लिस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, मशहूर अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और कई अन्य नेताओं का नाम शामिल है। पार्टी सूत्रों की मानें, तो कांग्रेस की ओर से निर्वाचन आयोग को स्टार प्रचारकों की जो सूची भेजी गई है, उसमें 30 नेताओं के नाम है।
लिस्ट में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मदन मोहन झा और प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल के नाम शामिल है।
वहीं, कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, महासचिव तारिक अनवर, राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, राज बब्बर, संजय निरूपम, शकील अहमद सहित कई अन्य नेताओं को भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल किया गया है।