रायपुर। स्वास्थ्य विभाग द्वारा राज्य के सभी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को कोरोना संक्रमण से हुई मृत्यु के आंकड़े शासन स्तर पर तत्काल भेजने के निर्देश समय पर दिए जाते हैं। किंतु अस्पतालों द्वारा समय पर दस्तावेज उपलब्ध न कराए जाने के कारण भी जानकारी मिलने तथा उसकी पुष्टि करने में विलंब होता है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि दैनिक मीडिया बुलेटिन में मृत्यु की जानकारी ,जिलों से प्राप्त जानकारी एवं संबंधित दस्तावेजों से पुष्टि के बाद प्रकाशित की जाती है। जैसे-जैसे संबंधित जिलों से मृत्यु की जानकारी मिलती है उसे मीडिया बुलेटिन में शामिल किया जाता है। विभाग द्वारा मृत्यु के आंकड़े छुपाए नही जा रहे बल्कि जानकारी प्राप्त होने के बाद उन्हे दैनिक मीडिया बुलेटिन में शामिल किया जाता है।