
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शहरी सत्ता पर कांग्रेस का कब्जा है। लगातार तीसरी बार रायपुर नगर निगम की बागड़ोर कांग्रेस के हाथों में ही रही है। इस बार महापौर चुनाव के तरीके में बदलाव किया गया था, बावजूद उसके शहरी सत्ता पर कांग्रेस ने ही कब्जा कर लिया। पार्षदों ने अपने मुखिया के तौर पर एजाज ढ़ेबर पर सहमति जताई तो, 10 जनवरी 2020 को एजाज ढेबर ने बतौर महापौर शपथ लिया।
महापौर एजाज ढ़ेबर ने शपथ ग्रहण के साथ ही संकल्प लिया था कि वे रायपुर को सपनों का शहर बनाने की दिशा में काम करेंगे। इसमें दो राय नहीं कि इन दो सालों के भीतर रायपुर शहर में उल्लेखनीय बदलाव हुए हैं, और रायपुर वास्तव में राजधानी के तर्ज पर विकसित हुआ है।
अपने दो साल पूरे होने पर महापौर ढ़ेबर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात और आशीर्वाद लेने मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। उन्होंने इस अवसर पर अपने महापौर कार्यकाल का दो वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री को रायपुर नगरीय क्षेत्र में जनसुविधा के लिए कराए गए विकास कार्यों के बारे में जानकारी देने के साथ ही रायपुर शहर विकास की प्रस्तावित कार्य योजना पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने ढेबर को दो साल के सफल कार्यकाल एवं शहर में जन सुविधाओं के विकास के लिए उनके समन्वित प्रयास के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। साथ ही शहर के विकास और जनता की मूलभूत आवश्यकताओं और उनके कार्यों को प्राथमिकता से संपन्न कराए जाने के अलावा नागरिक सुविधाओं के प्रति जिम्मेदारी निभाने का सुझाव भी दिया।