राजनांदगांव : CG NEWS : छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजनांदगांव के विधायक डॉ रमन सिंह (Former CM Dr Raman Singh) आज राजनांदगांव कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने पटवारी संघ द्वारा किए जा रहे अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थल पर पहुंचे। वहीं पटवारियों की मांगों को जायज बताते हुए अपना समर्थन दिया और पटवारियों की मांगों को भाजपा के घोषणा पत्र में शामिल करने की बात कही।
इन्हें भी पढ़ें : CG NEWS : डॉ रमन सिंह भाजपा राष्ट्रिय उपाध्यक्ष 25 और 26 अप्रैल को कर्नाटक चुनाव प्रचार पर बेंगलुरु जायेंगे
प्रमुख मांगों को भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा
छत्तीसगढ़ प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजनांदगांव विधायक डा. रमन सिंह 15 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने बैठे पटवारियों के धरना स्थल पर पहुंचे। इस दौरान डॉ रमन सिंह ने पटवारियों की मांगों को मंच से पढ़ते हुए उन्हें संबोधित किया और पटवारियों की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि पटवारी संघ द्वारा वर्ष 2020 में अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन किया गया था। उस समय राजस्व मंत्री ने मांग पूरी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक मांग पूरी नहीं हुई है। इस दौरान डॉ रमन सिंह ने पटवारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी प्रमुख मांगों को भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा, इसके लिए वे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और प्रदेश चुनाव समिति में बात रखेंगे।
CG NEWS : 3 वर्षों में पटवारियों की मांग पूरी नहीं हुई
पटवारी संघ द्वारा वेतन विसंगति, वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति सहित अपनी 8 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल किया जा रहा है। पटवारियों के आंदोलन को अपना समर्थन देने और उनकी मांगों को जायज बताने पहुंचे डॉ रमन सिंह ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 3 वर्षों में पटवारियों की मांग पूरी नहीं हुई है, जबकि इनमें कई ऐसी मांगे हैं जिन्हें पूरी की जा सकती है।
पटवारियों के धरना प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे डॉ रमन सिंह के साथ प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल, सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता गण भी उपस्थित थे।