बिलासपुर। CG NEWS : कोटा विधानसभा क्षेत्र के रतनपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियो ने कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने उन पर चुनाव में काम करने से रोकने और जोगी कांग्रेस से आए समर्थकों को बूथ एजेंट बनाने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज से की है।
इन्हें भी पढ़ें : CG VIDEO : राधिका खेड़ा के इस्तीफे पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता का बयान, कहा – कांग्रेस के DNA में है महिलाओं के साथ अत्याचार करना
बता दें ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर के अध्यक्ष रमेश सूर्य उपाध्यक्ष इलियास कुरेशी महामंत्री कमल सोनी जमुना माथुर मोहर खान समेत कुल 20 लोगों ने पीसीसी अध्यक्ष को भेजे गए हस्ताक्षरित शिकायत में कहा है कि विधानसभा चुनाव 2023 में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत कर अटल श्रीवास्तव को जीत दिलाई। लेकिन विधायक अटल अब उन्हें लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में काम करने से न सिर्फ रोक रहे बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जगह जोगी कांग्रेस से आए समर्थकों को बूथ एजेंट बना दिए है। पदाधिकारियो ने अटल पर गुटबाजी करने का आरोप लगाते हुए चुनाव में क्षति होने पर इसके लिए विधायक अटल के जिम्मेदार होने की बात कही है।
ग्रैंड न्यूज़ ने इस मामले में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव से मोबाइल पर सम्पर्क कर चर्चा की तो उनका कहना है कि यह कांग्रेस का अंदुरुनी मामला है, ब्लॉक अध्यक्ष के व्यक्तिगत आक्षेप पर कुछ कहना उचित नही है। मैं अभी भी कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में फील्ड में हूँ बिल्हा दगौरी के कार्यक्रम से लौट रहा हूँ।