रायपुर। RAIPUR NEWS : राजधानी में सालों से अटके शारदा चौक से तात्यापारा तक के सड़क चौड़ीकरण का मुद्दा एक बार फिर उठा। शनिवार को रायपुर मेयर एजाज ढेबर व MIC सदस्यों ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर सड़क चौड़ीकरण हेतु प्रभावित व्यापारियों को मुआवजा देने स्वीकृत 137 करोड़ रूपये की राशि, जो लोक निर्माण विभाग के पास उपलब्ध है, उस मुआवजा राशि को तत्काल रायपुर नगर निगम को उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया।

नगर पालिक निगम रायपुर के महापौर एजाज ढेबर ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव से मिलकर उन्हें पत्र देकर छत्तीसगढ़ राज्य के तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा राजधानी रायपुर शहर के जीईमार्ग में तात्यापारा चौक से शारदा चौक तक के प्रस्तावित बहुप्रतीक्षित सड़क चौड़ीकरण हेतु प्रभावित व्यापारियों को मुआवजा देने स्वीकृत 137 करोड़ रूपये की राशि, जो छत्तीसगढ़ राज्य लोक निर्माण विभाग के पास उपलब्ध है, उक्त मुआवजा राशि को तत्काल रायपुर नगर पालिक निगम को उपलब्ध करवाने का अनुरोध एमआईसी सदस्य अंजनी राधेश्याम विभार, द्रोपती हेमंत पटेल, सर्वश्री ज्ञानेश शर्मा, श्रीकुमार मेनन, समीर अख्तर, सुन्दर लाल जोगी,जितेन्द्र अग्रवाल, सुरेश चन्नावार, जोन 5 अध्यक्ष मन्नू विजेता यादव, घनश्याम छत्री, पार्षद नीलम नीलकंठ जगत, प्रकाश जगत, धनेश बंजारे के साथ किया।

महापौर ढेबर ने प्रदेश के उप मुख्यमन्त्री नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव को जानकारी देते हुए बताया कि विगत दिनों प्रभावित व्यापारियों के साथ की गयी चर्चा सकारात्मक रही है। सभी व्यापारीगण उन्हें शासकीय नियमानुसार प्रक्रिया के अंतर्गत निर्धारित मुआवजा तत्काल मिलते ही वर्षों पुरानी जनसमस्या से नागरिकों को राहत दिलवाने पूर्ण सहयोग करने सहर्ष पूरी तरह सहमत है। पुरानी जनसमस्या से नागरिकों को राहत दिलवाने तत्काल मुआवजा देने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य लोक निर्माण विभाग द्वारा तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की स्वीकृति आदेश के अनुसार जारी किये गए 137 करोड़ की राशि रायपुर नगर पालिक निगम को तत्काल उपलब्ध करवाने का अनुरोध महापौर एजाज ढेबर ने उप मुख्यमंत्री नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव से सौहार्दपूर्ण वातावरण में उपमुख्यमंत्री निवास कार्यालय में हुई सकारात्मक चर्चा के दौरान एमआईसी सदस्यों एवं वार्ड पार्षदगणों सहित किया है। महापौर एजाज ढेबर ने एमआईसी सदस्यों, वार्ड पार्षदगणों सहित उपमुख्यमंत्री नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव को पत्र देकर रायपुर नगर पालिक निगम को समस्त 70 वार्डों में जनकल्याणकारी विकास कार्य करवाने प्रत्येक वार्ड हेतु 25-25 लाख रूपये कुल 70 वार्डों हेतु कुल 20 करोड़ रूपये का अनुदान तत्काल प्रदान करवाने का अनुरोध किया है।

बता दें कि तात्यापारा से शारदा चौक के व्यापारियों के पास मुआवजा का पैसा आ गया है। लेकिन व्यापारियों ने बताया कि अब तक विभाग या सरकार की ओर से कोई पत्र या चर्चा नही की गई है। इस मामले में महापौर एजाज ढेबर पिछले दिनों चीफ सेक्रेटरी से भी मुलाकात कर मुआवजा राशि को लेकर चर्चा की थी। मीडिया से चर्चा के दौरान महापौर ने कहा कि तात्यापारा सड़क चौड़ीकरण के लिए राशि सेंशन है तो व्यापारियों को मुआवजा के तौर पर वह राशि अब तक क्यों नही दी गई। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य लोक निर्माण विभाग को शारदा चौक से तात्यापारा चौक चौड़ीकरण, मुआवजा आदि के लिए 120 करोड़ रूपये स्वीकृत किए थे, जो राज्य लोक निर्माण विभाग के पास उपलब्ध है। बावजूद राज्य सरकार चौदीकरण तो दूर फंड में आये मुआवजे की राशि अब तक व्यापारियों को नही दी गई है। जिसकी शिकायत महापौर एजाज ढेबर ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव से की।