CG Elections : नगरीय निकाय चुनाव को लेकर सरिया में आज प्रदेश के वित्त मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक ओपी चौधरी ने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जोरदार चुनाव प्रचार किया। उन्होंने जनता से भाजपा को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि सरिया आने वाले दिनों में विकास की नई ऊंचाइयों को छूएगा।
सरिया को मिलेगा राजधानी जैसी सड़कें और गौरव पथ
वित्त मंत्री ने कहा कि सरिया में भी राजधानी जैसी सड़कें बनाई जाएंगी और गौरव पथ का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने विकास को ही भाजपा का मुख्य एजेंडा बताया और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति केवल झूठ और फरेब पर टिकी हुई है।
कांग्रेस पर हमला, भाजपा प्रत्याशी को बताया सर्वश्रेष्ठ विकल्प
ओपी चौधरी ने कांग्रेस को वोट न देने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस सिर्फ षड्यंत्र और झूठ की राजनीति करती है, इसलिए जनता को सोच-समझकर फैसला लेना चाहिए। उन्होंने भाजपा के नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी कमलेश अग्रवाल को सरल और मिलनसार व्यक्तित्व का धनी बताते हुए कहा कि भाजपा का परिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्वयं उनके नेतृत्व में काम कर रहा है, जबकि कांग्रेस में परिवारवाद हावी है।
भव्य स्वागत, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब
बुधवार दोपहर जब वित्त मंत्री ओपी चौधरी गांधी चौक पहुंचे, तो कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने रोड शो कर आम जनता से मुलाकात की और भाजपा को विजय दिलाने की अपील की।
भाजपा का घोषणा पत्र जारी, 50 बिंदुओं पर विकास कार्य का वादा
सरिया नगर पंचायत भाजपा की ओर से वित्त मंत्री ने घोषणा पत्र जारी किया, जिसमें 27 प्रमुख विकास कार्यों का उल्लेख किया गया। साथ ही, उन्होंने 50 बिंदुओं पर विकास कार्य करने की बात भी कही। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी कमलेश अग्रवाल सहित सभी 15 पार्षद प्रत्याशियों ने जनता से भाजपा को समर्थन देने की अपील की।
सम्मेलन में भाजपा नेताओं की मौजूदगी
सरिया के दामों बाड़ी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में जिला भाजपा अध्यक्ष सारंगढ़-बिलाईगढ़ ज्योति पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता जगन्नाथ पाणिग्राही, निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल स्वर्णकार, मंडल अध्यक्ष प्रदीप सतपथी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन में भाजपा नेताओं ने संबोधित करते हुए विकास के एजेंडे पर जनता का समर्थन मांगा।