बलरामपुर।CG NEWS : हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी संजय खेरवार आज सुबह पुलिस हिरासत से फरार हो गया। पुलिस उसे वाड्रफनगर चौकी में रखी हुई थी, जहां से वह चकमा देकर जंगल की ओर भाग निकला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश के लिए संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र के कोटराही गांव में सोमवार रात संजय खेरवार ने पड़ोसी ओमप्रकाश कुशवाहा के घर में घुसकर जानलेवा हमला किया था। हमले में गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को उसके घर के छत से गिरफ्तार कर लिया था और उसे वाड्रफनगर चौकी में रखा गया था।
भागने के बाद दहशत में ग्रामीण
आज सुबह संजय खेरवार पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। आरोपी के फरार होते ही चौकी में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत आसपास के चौकियों को सूचना दी और संयुक्त अभियान शुरू कर दिया। वहीं, आरोपी के फरार होने से कोटराही गांव के लोग दहशत में हैं।
पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी गई है, ताकि आरोपी भाग न सके। पुलिस जल्द ही उसे दोबारा गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।