गरियाबंद। पुलिस विभाग द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उत्साहवर्धन हेतु “कॉप ऑफ द मंथ” की घोषणा की गई, जिसमें माह जनवरी के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
इस पहल के तहत निरीक्षक फैजुल शाह, थाना प्रभारी अमलीपदर को उड़ीसा प्रांत से 223 लीटर अवैध शराब के साथ आरोपी को पकड़ने में उनकी विशेष भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में, प्रधान आरक्षक तुलाराम साहू, प्रधान आरक्षक विजय मिश्रा, प्रधान आरक्षक नेमीचंद पटेल (थाना देवभोग), प्रधान आरक्षक जयप्रकाश मिश्रा एवं महिला आरक्षक शशि कौशिक (थाना छुरा) को “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत थाना देवभोग एवं थाना छुरा के विभिन्न प्रकरणों में अपहृत बालिकाओं को दीगर प्रांत से बरामद करने में विशेष योगदान के लिए चयनित किया गया।
गरियाबंद पुलिस द्वारा इस पहल का उद्देश्य कर्मठ एवं कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करना है, ताकि वे भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते रहें।