राजिम: दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर छत्तीसगढ़ के राजिम में जोरदार जश्न मनाया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर, मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर अपनी खुशी जाहिर की। इस मौके पर भाजपा विधायक रोहित साहू ने कहा कि दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल की भ्रष्ट और झूठी राजनीति को सिरे से नकारते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकासवादी नीतियों पर मुहर लगाई है।
उन्होंने कहा, “दिल्ली में अब झूठ और भ्रष्टाचार की राजनीति का अंत हो गया है। जनता ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि विकास और सुशासन ही प्राथमिकता है। भाजपा की यह जीत जनता के विश्वास और पीएम मोदी की गारंटी की जीत है।”
इस अवसर पर बिंद्रानवागढ़ के पूर्व विधायक गोवर्धन मांझी, नगर पंचायत की निवर्तमान अध्यक्ष रेखा सोनकर, भाजपा मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी महेश यादव, सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी और इस जीत को लोकतंत्र की विजय बताया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिल्ली की जनता ने ‘आप’ सरकार की विफलताओं, भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी को सबक सिखाया है। यह जीत भाजपा की नीतियों और मोदी सरकार की योजनाओं पर जनता के भरोसे का प्रमाण है।
जश्न के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और मोदी-मोदी के नारों से माहौल गूंज उठा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह जीत पूरे देश में एक नए राजनीतिक युग की शुरुआत का संकेत है।