जांजगीर-चांपा। CG NEWS : आगामी नगरीय निकाय चुनाव एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
थाना चांपा क्षेत्र के ग्राम सिवनी चांपा मोड़ में पुलिस द्वारा की गई रेड कार्रवाई में 250 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान –
1. आशीष खरवार (22 वर्ष), निवासी बोड़सरा, थाना जांजगीर
2. मंगलुराम खरवार (30 वर्ष), निवासी पटेरापाली, थाना नगरदा, जिला शक्ति
3. इंद्र कुमार खरवार (29 वर्ष), निवासी पटेरापाली, थाना नगरदा, जिला शक्ति
के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक्सल 6 सुजुकी कंपनी की सफेद कार (कीमत ₹12,50,000) जब्त की, जिसका उपयोग शराब के परिवहन में किया जा रहा था। जब्त शराब की अनुमानित कीमत ₹10,000 आंकी गई है।
आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।