प्रयागराज। Mahakumbh News : महाकुंभ में किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरी उर्फ छोटी मां पर जानलेवा हमला हुआ है। इस हमले में उनके 3-4 शिष्य भी घायल हो गए हैं। घटना के बाद सभी घायलों को महाकुंभ के सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। गौरतलब है कि इससे पहले किन्नर अखाड़े की जगद्गुरू हिमांगी सखी पर भी जानलेवा हमला हुआ था। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। हिमांगी सखी पर हुए हमले को महामंडलेश्वर बनाए जाने को लेकर उठे विवाद से जोड़ा जा रहा था। इस मामले में आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी पर आरोप लगे थे। सूत्रों के मुताबिक, हिमांगी सखी पर हमला करने वाले लोग फॉर्च्यूनर गाड़ी से पहुंचे थे और उन्होंने तोड़फोड़ भी की थी। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। महाकुंभ में हो रही इन घटनाओं ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कह रही है।