रायपुर। Cg Municipal Corporation Election : छत्तीसगढ़ में नगर निकाय चुनावों के परिणाम सामने आने लगे हैं, जिसमें भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। प्रदेशभर में कुल 33 पार्षद निर्विरोध विजयी हुए हैं। वहीं, मुंगेली, सक्ती, कोरबा और महासमुंद में 2-2 पार्षद निर्विरोध जीते हैं।
भाजपा ने दो नगर निगमों पर किया कब्जा
छत्तीसगढ़ के दो नगर निगमों में भाजपा ने बहुमत हासिल कर कब्जा जमा लिया है। अंबिकापुर में भाजपा प्रत्याशी मंजूषा भगत ने कांग्रेस के अजय तिर्की को 5000 वोटों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं, चिरमिरी में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है, जहां उनके प्रत्याशी विनय जायसवाल चुनाव हार गए हैं।
नगर पालिका और नगर पंचायतों में भी भाजपा को बढ़त
नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में भी भाजपा ने मजबूत प्रदर्शन किया है। धमतरी, भानुप्रतापपुर और पखांजूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। वहीं, सूरजपुर नगर पालिका में कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। बसना नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध विजयी हुए हैं।

मतदान और राज्य निर्वाचन आयोग की रिपोर्ट
राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन निकायों में कुल मतदाताओं की संख्या 44,75,703 है। सभी जिलों से मिले आंकड़ों के अनुसार, इस चुनाव में कुल 72.48% मतदान हुआ। चुनावों के नतीजे धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं और यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस और भाजपा के बीच अंतिम परिणाम किस ओर जाता है।