गरियाबंद। CG NEWS : अमलीपदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बार फिर ओडिसा निर्मित शराब की तस्करी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सीमा चेक पोस्ट पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक और आरोपी की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 182 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसे ओडिसा से छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए लाया जा रहा था। आरोपी इसे छत्तीसगढ़ सीमा के बीरीघाट स्थित नदी घाट में छिपाकर रखते थे और फिर ओडिसा सीमा स्थित ढाबों में सप्लाई करते थे।
गौरतलब है कि 23 जनवरी को भी पुलिस ने इसी गिरोह के एक प्रमुख सदस्य से 223 लीटर ओडिसा निर्मित अंग्रेजी शराब जब्त कर उसे जेल भेजा था। बावजूद इसके गिरोह के बाकी सदस्य दोबारा अवैध शराब तस्करी में सक्रिय हो गए थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और इस गिरोह के बाकी सदस्यों की भी जल्द गिरफ्तारी होगी।