गरियाबंद: पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में राजिम कुम्भ कल्प मेला 2025 और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, अति. पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र चंद्राकर एवं एसडीओपी निशा सिन्हा की उपस्थिति में पुलिस बल के कर्मठ जवानों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
12 फरवरी से 26 फरवरी 2025 तक आयोजित राजिम मेले में सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 800 पुलिस जवानों ने अपनी ड्यूटी निभाई। इस दौरान गुमशुदा बच्चों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, वीआईपी सुरक्षा और खोए हुए सामान लौटाने जैसे कार्यों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
इसी बीच 11 फरवरी से 23 फरवरी 2025 तक चले नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में भी पुलिस बल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा से लेकर पेट्रोलिंग ड्यूटी तक, हर स्तर पर पुलिस कर्मियों ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई।
पुलिस अधीक्षक ने जिले के समस्त पुलिस बल और अन्य इकाइयों से आए जवानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि “आपकी मेहनत और ईमानदारी से दोनों महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सफलता पूर्वक संपन्न हुईं, इसके लिए आप सभी बधाई के पात्र हैं।”
इस सम्मान से पुलिस बल का मनोबल और अधिक बढ़ेगा और भविष्य में भी वे अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने के लिए प्रेरित होंगे।