गरियाबंद। जिले में एसपी निखिल राखेचा के नक्सल विरोधी अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। आज दोपहर १२ बजे जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में तीन कुख्यात नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण के दौरान उन्होंने अपने ऑटोमैटिक हथियार भी पुलिस के हवाले कर दिए।
एसपी रखेचा और पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस प्रभावी अभियान का असर अब साफ नजर आने लगा है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने बंदूक छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की इच्छा जताई है। यह आत्मसमर्पण प्रशासन और सुरक्षा बलों की लगातार कोशिशों का नतीजा माना जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना अन्य नक्सलियों को भी आत्मसमर्पण के लिए प्रेरित कर सकती है। पुलिस प्रशासन ने इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में और भी नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर शांति और विकास की राह अपनाएंगे।