जांजगीर-चांपा। CG NEWS : जिले के जिला अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों ने सिविल सर्जन दीपक जायसवाल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विरोध स्वरूप डॉक्टरों ने आज से OPD का बहिष्कार कर दिया और अपने चेंबर छोड़कर साइकिल स्टैंड से मरीजों का इलाज कर रहे हैं।
हालांकि, इस आंदोलन का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। आंदोलनकारी डॉक्टरों के पर्चे पर अस्पताल में न तो दवाइयाँ मिल रही हैं और न ही किसी तरह की जांच की जा रही है। दूसरी ओर, सिविल सर्जन दीपक जायसवाल और एक अन्य डॉक्टर OPD के भीतर मरीजों को देख रहे हैं।
आंदोलन को और तेज करने की रणनीति पर चर्चा करने के लिए आज दोपहर 1 बजे अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों की बैठक बुलाई गई है। इसमें आगामी कदमों पर निर्णय लिया जाएगा और आंदोलन को उग्र करने की संभावनाओं पर विचार होगा।
मरीजों की परेशानी बढ़ने के बावजूद अभी तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। देखना होगा कि डॉक्टरों की इस हड़ताल का समाधान कब और कैसे निकलता है।