जगदलपुर। CG NEWS : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 4 अप्रैल को रायपुर पहुंचेंगे, जहां वे नक्सल समस्या को लेकर एक महत्वपूर्ण विभागीय बैठक करेंगे। इसके बाद 5 अप्रैल को वे दंतेवाड़ा जाएंगे और संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वे बस्तर की पारंपरिक संस्कृति से रूबरू होंगे।
नक्सल उन्मूलन पर विशेष चर्चा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बताया कि अमित शाह का यह दौरा नक्सल समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री राज्य के उच्च अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक करेंगे और नक्सल उन्मूलन के लिए नई रणनीति पर विचार-विमर्श करेंगे।
बस्तर पंडुम: संस्कृति को बढ़ावा
बस्तर पंडुम का आयोजन क्षेत्र की समृद्ध पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है। यह कार्यक्रम जिला स्तर पर पहले ही आयोजित हो चुका है और अब संभाग स्तरीय कार्यक्रम दंतेवाड़ा में आयोजित किया जा रहा है।
नक्सल अभियान में तेज़ी
भाजपा सरकार ने 31 मार्च 2026 तक बस्तर से नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य रखा है। इस वर्ष अब तक 100 नक्सलियों को विभिन्न मुठभेड़ों में मार गिराया गया है, जिनमें नक्सलियों के शीर्ष नेता भी शामिल हैं। पंडुम कार्यक्रम के समापन के बाद भी नक्सल समस्या को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक होने की संभावना है। अमित शाह के इस दौरे से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की रणनीति को और मजबूती मिलेगी और नक्सल उन्मूलन की दिशा में सरकार के प्रयासों को नया बल मिलेगा।