बिलासपुर। CG News : छत्तीसगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के घर और प्रतिष्ठानों पर सीबीआई की कार्रवाई के बाद प्रदेश कांग्रेस सरकार पर दबाव बनाने का आरोप लगा रही है। इसे केंद्र सरकार की बदले की राजनीति करार देते हुए कांग्रेस ने 27 मार्च को राज्यभर में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया था इसी कड़ी में आज जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बिलासपुर के नेहरू चौक पर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ पुतला दहन किया है।
कांग्रेस पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार के इशारे पर जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। सीबीआई की इस कार्रवाई को बदले की राजनीति करार देते हुए कांग्रेस नेताओं ने विरोध प्रदर्शन की रणनीति बनाई गई । प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर यह प्रदर्शन राज्य के विभिन्न जिलों में किया गया।
इस विरोध प्रदर्शन के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में एकत्रित होंगे और वहां से रैली के रूप में नेहरू चौक तक पहुंचकर केंद्र सरकार और राज्य सरकार का पुतला दहन करेंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे इस कार्रवाई का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देंगे और इसे जनता के सामने उजागर करेंगे। कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन आगामी चुनावी माहौल में बड़ा मुद्दा बन सकता है।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं पर हो रही केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस शहर अध्यक्ष राजेश पांडे ने आरोप लगाया कि जब से भाजपा सरकार बनी है, वह विपक्षी दलों को दबाने का प्रयास कर रही है। ईडी और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों को हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि कांग्रेस नेताओं पर दबाव बनाया जा सके।
महिला प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव शिल्पी तिवारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि भ्रष्टाचार की जांच हो रही है, तो क्या भ्रष्टाचार केवल कांग्रेस में ही दिखता है? भाजपा नेताओं पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं होती? उन्होंने इसे राजनीतिक षड्यंत्र करार देते हुए कहा कि भाजपा, भूपेश बघेल की लोकप्रियता से डरी हुई है, इसलिए बदले की कार्रवाई कर रही है। लेकिन कांग्रेस इसका डटकर विरोध करेगी और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगी।