जांजगीर-चांपा। CG NEWS : जिले के चांपा में महिला से छेड़छाड़ के मामले में फरार डॉक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी डॉक्टर जे.पी. देवांगन को पुलिस ने सायबर तकनीक की मदद से अकलतरा के बिलासपुर रोड टोल प्लाजा से पकड़ा और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पीड़िता 30 मार्च 2025 को स्वास्थ्य खराब होने के कारण कृष्णा अस्पताल चांपा गई थी, जहां उसका ICU वार्ड में डॉक्टर जे.पी. देवांगन द्वारा चेकअप किया जा रहा था। इस दौरान डॉक्टर ने गलत नियत से महिला के साथ छेड़छाड़ की। घटना की रिपोर्ट पीड़िता ने चांपा थाने में दर्ज करवाई, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 112/2025 धारा 74, 75 BNS के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
महिला के साथ हुए इस अपराध को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (IPS) ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप और SDOP चांपा श्री यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चांपा ने विशेष टीम गठित कर डॉक्टर के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। आरोपी फरार था, लेकिन सायबर तकनीक की सहायता से उसे अकलतरा टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 31 मार्च 2025 को उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।