रायपुर। CG NEWS : भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी स्थित एकात्म परिसर में भव्य कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ-साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और समर्पित कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
समारोह में भाजपा के समर्पित और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने वर्षों तक संगठन की मजबूती और विस्तार के लिए निरंतर कार्य किया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर कहा, “भारतीय जनता पार्टी सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक राष्ट्रवादी विचारधारा है, जो देश की प्रगति और जनकल्याण के लिए समर्पित है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।”
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पद्मश्री विधायक अनुज शर्मा, मोतीलाल साहू, राजेश मूणत, सुनील सोनी सहित अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी की पहचान ‘संगठन पहले, व्यक्ति बाद में’ की भावना में निहित है। यही पार्टी की शक्ति और प्रेरणा का स्रोत है।” उन्होंने कहा कि यह दिन हर कार्यकर्ता के लिए गर्व और गौरव का प्रतीक है। समारोह में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा की नीतियों, सिद्धांतों और समर्पण की भावना का सम्मान करते हुए संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।