राजिम। CG: ब्रेकथ्रू साइंस सोसायटी (BSS) गरियाबंद चैप्टर द्वारा रविवार को राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजिम में एक विशेष स्काई वॉचिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने और तार्किक प्रवृत्तियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में 50 से अधिक छात्रों, प्रोफेसरों और विज्ञान प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत गरियाबंद जिला प्रभारी जीवन साहू के वक्तव्य से हुई, जिसमें उन्होंने ब्रह्मांड की वैज्ञानिक समझ, ग्रहों और उनके चंद्रमाओं से जुड़े रोचक तथ्यों के साथ-साथ गैलीलियो और ब्रूनो जैसे महान वैज्ञानिकों के संघर्षों की प्रेरणादायक चर्चा की।
इसके बाद प्रतिभागियों को टेलीस्कोप के माध्यम से चंद्रमा, बृहस्पति तथा उसके चार प्रमुख चंद्रमाओं—गैनिमीड, कैलिस्टो, आयो और यूरोपा—का अवलोकन करने का अवसर मिला। विशेष रूप से चंद्रमा का स्पष्ट और मनोहारी दृश्य सभी के आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम के दौरान खगोल भौतिकी से जुड़े विभिन्न तथ्यों जैसे ग्रहों की गति, चंद्रमाओं की परिक्रमा और सौरमंडल की संरचना के बारे में भी जानकारी साझा की गई। जीवन साहू ने विज्ञान संगठन का स्लोगन “Science for society, science for humanity, science in thinking” को सरल व प्रभावी ढंग से समझाते हुए विज्ञान के जनसामान्य में प्रचार-प्रसार पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि BSS का मुख्य उद्देश्य वैज्ञानिक उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना, अंधविश्वासों का खंडन करना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को जन-जन तक ले जाना है। इस मौके पर यह भी स्पष्ट किया गया कि तारे हमारे पूर्वज नहीं, बल्कि गैस से बने खगोलीय पिंड हैं जो अपने प्रकाश से चमकते हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. अश्विनी साहू, नेहा सोनी, सीमा साहू और वासुदेव सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में BSS की टीम से अहिल्या, निशा, दीक्षा, ऋषभ, अक्षत और गूंजा की सक्रिय भूमिका रही।