छुरा, 21 अप्रैल 2025। छुरा थाना क्षेत्र के आवासपारा में आज दोपहर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक महिला की उसके पति द्वारा चाकू से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय बिशनी मार्कण्डेय के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार, बिशनी की शादी 15 साल पहले गोपी मार्कण्डेय (निवासी सतनामीपारा) से हुई थी। परिजनों के अनुसार, दो साल पहले से ही पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था, और पति द्वारा मारपीट किए जाने के कारण बिशनी छुरा में अपने मायके में रह रही थी। उनके बच्चे महासमुंद में पढ़ाई कर रहे हैं।
आज दोपहर करीब 11 बजे से 12:30 बजे के बीच आरोपी गोपी मार्कण्डेय मृतका के घर पहुँचा और आते ही बिशनी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में बिशनी को सीने, पेट, भुजा और पैर पर गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने घायल अवस्था में तत्काल उसे अस्पताल पहुँचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों की छानबीन जारी है।