रायगढ़। CG NEWS :भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर रायगढ़ शहर में तीन दिवसीय भव्य सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन बाल मंदिर स्कूल प्रांगण में आयोजित हो रहा है, जहां पहले दिन से ही श्रद्धालु और शहरवासी बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं।
बुधवार को कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। इसके पश्चात भव्य महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु भक्ति में डूबे नजर आए। महाआरती के उपरांत मनोरंजक हाऊजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं और पुरुषों ने बड़े उत्साह से भाग लिया।
आयोजन स्थल को पारंपरिक एवं सांस्कृतिक रंगों से भव्य रूप से सजाया गया है, जिससे समूचे वातावरण में भक्ति और उल्लास की छटा बिखरी हुई है। इस आयोजन में मारवाड़ी ब्राह्मण महिला समिति की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। समिति की पदाधिकारियों और सदस्यों ने कार्यक्रम की व्यवस्था में बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे आयोजन में गरिमा और अनुशासन का सुंदर समावेश देखने को मिला।
आयोजकों के अनुसार, आगामी दो दिनों तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। परशुराम जन्मोत्सव का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती प्रदान कर रहा है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का भी संदेश दे रहा है।
नगरवासियों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है और आयोजक समिति का प्रयास इसे आने वाले वर्षों में और भव्य स्वरूप देने का है।