गरियाबंद। GRAND NEWS : छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सुशासन तिहार के तीसरे चरण के तहत गुरुवार को गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड के ग्राम मुड़ागांव में विशेष समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हेलीकॉप्टर से मुड़ागांव पहुँचे, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। स्वागतकर्ताओं में कमिश्नर महादेव कावड़े, कलेक्टर बीएस उइके, विधायक रोहित साहू, राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मेमन सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।