लैलूंगा। CG NEWS : लैलूंगा वन परिक्षेत्र के गमेकेला भद्रापारा गांव में देर रात हाथी के हमले में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना शुक्रवार रात लगभग 12 बजे की है, जब महिलाएं अपने घर के आंगन में सो रही थीं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हाथी ने अचानक हमला कर महिलाओं को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। गौरतलब है कि लैलूंगा क्षेत्र में इन दिनों 21 हाथियों का एक दल सक्रिय रूप से विचरण कर रहा है। वन विभाग द्वारा पूर्व में चेतावनी भी जारी की गई थी, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। वन विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर डटे हुए हैं और पीड़ित परिवारों को यथासंभव सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया जारी है।