छुईखदान। CG NEWS :नगर के रियासतकालीन प्राचीन काली माई मंदिर प्रांगण में 11 दिवसीय विष्णु महापुराण कथा एवं विष्णु सहस्त्रनाम यज्ञ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन का श्रेय समस्त ग्रामवासियों, महोबिया परिवार, जय बजरंग मानस मंडली तथा मां काली शीतला भजन मंडली को जाता है, जिनके सौजन्य से इस आध्यात्मिक कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस आयोजन के अंतर्गत प्रतिदिन दो घंटे विष्णु सहस्त्रनाम यज्ञ एवं कथा का श्रवण श्रद्धालुओं द्वारा किया गया। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और यज्ञ में आहुति अर्पित कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु महिलाएं सिर पर भागवत पुराण लेकर चल रही थीं। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः कथा स्थल पर पहुंची। शोभायात्रा में भक्ति, श्रद्धा एवं उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें महोबिया परिवार एवं विभिन्न मानस मंडलियों के सहयोग से हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर नगर के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस धार्मिक आयोजन ने नगर में भक्तिभाव एवं सामाजिक एकता की मिसाल पेश की, जिसे नगरवासी लंबे समय तक याद रखेंगे।