सेना के सम्मान और राष्ट्रभक्ति के संदेश को समर्पित तिरंगा यात्रा में आरंग विधायक एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा गुरु श्री खुशवंत साहेब जी के नेतृत्व में आरंग शहर, समोदा नगर, ग्राम गनौद, नया रायपुर सहित आरंग विधानसभा के विभिन्न ग्रामों में निकली भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा विशाल जनसैलाब, जयकारों से गूंज उठा पूरा क्षेत्र
नया रायपुर/आरंग CG NEWS: ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारतीय सेना द्वारा आतंकवाद पर किए गए प्रहार की गौरवगाथा को जनमानस तक पहुँचाने और सेना के पराक्रम को सम्मान देने हेतु आज छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। आरंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में गुरु खुशवंत साहेब जी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया था।
ग्राम गनौद, नया रायपुर में आयोजित प्रमुख तिरंगा यात्रा में आरंग विधायक एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त गुरु खुशवंत साहेब जी के साथ अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू जी ने भी विशेष रूप से उपस्थित थे। इस दौरान जनसमूह ने हाथों में तिरंगा थामे “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “भारतीय सेना जिंदाबाद” जैसे ओजस्वी नारों से समूचे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।
इस आयोजन में रायपुर जिले के कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, एएसपी विवेक शुक्ला सहित प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सैकड़ों ग्रामीणजन उपस्थित रहे. गुरु खुशवंत साहेब जी ने इस अवसर पर कहा कि”तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, यह हमारी अस्मिता, गौरव और बलिदान की पहचान है। इन आयोजनों के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना सुदृढ़ होती है।
इसके अतिरिक्त आरंग नगर, समोदा, पचेड़ा, दोंदेकला सहित आरंग विधानसभा के अन्य शहर, ग्रामों में भी गुरु श्री खुशवंत साहेब जी ने स्वयं तिरंगा यात्रा में भाग लिया और आमजन के साथ राष्ट्रप्रेम साझा किया।
आरंग नगर में सृजन सोनकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा 50 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकाली गई यात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र था। आयोजन में छत्तीसगढ़ राज्य चर्म शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष श्री ध्रुव कुमार मिर्धा, भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्री श्याम नारंग, नगर पालिका अध्यक्ष श्री संदीप जैन, भाजपा के पदाधिकारी, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में नागरिकगण सम्मिलित हुए।
गुरु श्री खुशवंत साहेब जी ने कहा कि हमारा तिरंगा एकता, संघर्ष, त्याग, बलिदान और समर्पण का प्रतीक है। जब हम सब इसके नीचे एकत्र होते हैं, तो वह दृश्य स्वयं में एक शक्ति बन जाता है जो राष्ट्र को मजबूती प्रदान करता है।