रायपुर। CG NEWS : छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत कांग्रेस पार्टी ने सूर्य प्रकाश उपाध्याय को छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस का राज्य महा सचिव नियुक्त किया है।
नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि प्रस्तुत सूची की गहन समीक्षा और विचार-विमर्श के उपरांत यह नियुक्ति की गई है, जो 27 मई 2025 से प्रभावी मानी जाएगी।
रायपुर निवासी सूर्य प्रकाश उपाध्याय लंबे समय से किसान हितों के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं। उनकी छवि एक जुझारू और जमीन से जुड़े कार्यकर्ता की रही है। किसानों की समस्याओं को लेकर उन्होंने कई बार सड़क से लेकर मंच तक अपनी आवाज बुलंद की है।
नियुक्ति के बाद श्री उपाध्याय ने कहा, “यह जिम्मेदारी मेरे लिए गर्व की बात है। मैं कांग्रेस पार्टी और किसान कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार प्रकट करता हूं। प्रदेश के किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए मैं पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करूंगा।”
प्रदेश कांग्रेस से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्री उपाध्याय को बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में किसान कांग्रेस नई ऊर्जा और दिशा प्राप्त करेगी।