रायगढ़। CG NEWS: शहर में बढ़ते आपराधिक घटनाओं पर लगाम कसने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने मंगलवार सुबह व्यापक स्तर पर कॉबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला के नेतृत्व में यह अभियान कोतवाली, चक्रधरनगर और जूटमिल थाना क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया गया।
इस सघन अभियान में डीएसपी साइबर सेल अनिल विश्वकर्मा, डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह, शहर के छह थाना प्रभारी, रक्षित केंद्र के रिजर्व बल तथा थाना स्टाफ की संयुक्त टीमों ने भाग लिया। पुलिस ने मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर कई स्थानों पर छापेमारी कर निगरानी बदमाशों की जांच की।
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 102 संदिग्धों, फरार आरोपियों और वारंटियों को हिरासत में लिया। इनमें से 25 व्यक्तियों को रिश्वत, दबाव बनाने और बंधक बनाने के प्रयास जैसे गंभीर आरोपों में गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। वहीं, 52 अन्य संदिग्धों पर शारीरिक बल प्रयोग कर चोट पहुंचाने और अवैध रूप से रोकने के प्रयास की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस को इस अभियान में लंबे समय से फरार चल रहे 6 वारंटियों को भी गिरफ्तार करने में सफलता मिली। इसके अलावा एक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के आरोपी को भी पकड़ा गया है। चक्रधरनगर क्षेत्र से दो संदिग्धों के पास से चोरी की आशंका वाली मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जिसकी जांच जारी है। मारपीट के मामलों में फरार चल रहे 10 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
अवैध शराब संग्रहण और बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 5 आरोपियों को अवैध शराब के साथ धर दबोचा। उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस दौरान दो नाबालिग संदिग्ध भी पकड़े गए हैं, जिन पर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला ने बताया कि जिले में अपराधियों पर लगातार दबाव बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।