बिलासपुर। CG : स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की स्थापना कांग्रेस शासनकाल में हर वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी शिक्षा देने के उद्देश्य से की गई थी। प्रारंभ में इन स्कूलों को जबरदस्त सफलता मिली और सभी वर्गों के छात्रों ने प्रवेश लिया। लेकिन वर्तमान में इन स्कूलों की हालत बिगड़ती जा रही है। अतिरिक्त फंड की कमी और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली के चलते अब अभिभावक बच्चों को इन स्कूलों से निकालने लगे हैं।
इस मुद्दे को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की लापरवाही के चलते स्कूलों की स्थिति खराब हुई है। वहीं, भाजपा के पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने बिना दीर्घकालिक फंड व्यवस्था के स्कूलों की शुरुआत की, जिससे आज संकट खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सुधार के प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस की पूर्ववर्ती नीतियों ने ही वर्तमान हालात पैदा किए हैं। इस विषय पर दोनों दल एक-दूसरे को दोषी ठहरा रहे हैं।