गरियाबंद, 11 जून 2025।
जिले के कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी
भगवान सिंह उईके तथा पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने आज जिला उप जेल गरियाबंद का आकस्मिक निरीक्षण किया। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र चंद्राकर भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर का भ्रमण करते हुए हवालाती बंदियों से सीधे संवाद किया। बंदियों से उनके दैनिक क्रियाकलाप, भोजन की गुणवत्ता तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई। बंदियों ने जेल प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को संतोषजनक बताया।
निरीक्षण के दौरान हवालाती बैरकों की भी गहन जांच की गई, जहां से कोई भी प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई। कुछ बंदियों ने अधिकारियों को बताया कि वे जेल में रहते हुए पढ़ाई कर रहे हैं तथा इस वर्ष 5वीं और 8वीं की परीक्षा भी दी है, जो पुनर्वास और आत्मविकास की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है।
निरीक्षण के अंत में कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने बंदियों को जेल से बाहर निकलने के बाद समाज की मुख्यधारा से जुड़कर एक सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उन्हें पुनः अपराध की दुनिया से दूर रहकर एक नई शुरुआत करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर सहायक उप जेल अधीक्षक श्री रवि भुआर्य, रक्षित निरीक्षक श्री सनत कुमार ठाकुर, तथा थाना प्रभारी गरियाबंद निरीक्षक श्री ओमप्रकाश यादव भी उपस्थित रहे।