CG NEWS: गरियाबंद। परसूली मार्ग के पास स्थित सोहागपुर बिट में गुरुवार सुबह वन विभाग की टीम पर अतिक्रमणकारियों ने जानलेवा हमला कर दिया। लाठी, कुल्हाड़ी और लोहे के बाट से लैस हमलावरों ने विभागीय अधिकारियों को बंधक बना लिया, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 4 बजे डिप्टी रेंजर अशोक सिन्हा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम को सूचना मिली कि कुछ लोग जेसीबी मशीन के जरिए वन भूमि पर अवैध कब्जा कर रहे हैं। टीम जब मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने लगी, तो अतिक्रमणकारियों ने अचानक हमला बोल दिया।
इस हमले में डिप्टी रेंजर अशोक सिन्हा, डिप्टी रेंजर सिद्दीकी, डिप्टी रेंजर हरि अर्जुन और फॉरेस्ट गार्ड सिलेश्वर प्रसाद समेत कई कर्मचारी घायल हो गए। हमला करने के बाद उन्हें जबरन रोककर लगभग तीन घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया।
सूचना मिलने पर गरियाबंद थाना प्रभारी ओपी यादव तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तीन घंटे की मशक्कत के बाद वनकर्मियों को सुरक्षित छुड़ाया।
फिलहाल घटनास्थल पर शांति बनी हुई है, लेकिन वन विभाग और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। आगे की कार्रवाई की जा रही है, और आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।