विधायक रोहित साहू ने 70 वर्षीय वृद्ध महिला रूखमणी बाई को चरण पादुका पहनाकर की योजना की शुरवात
गरियाबंद। CG NEWS: शनिवार से तेंदुपत्ता श्रमिक महिलाओ के लिए राज्य सरकार की महती चरण पादुका योजना की शुरवात हो गईं। राजिम विधायक रोहित साहू ने छुरा में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में ग्राम जरगांव की 70 वर्षीय रूखमणी बाई को अपने हाथो से चरण पादुका पहना कर योजना की शुरवात की। इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में वर्तमान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन की सरकार देने का संकल्प लिया था।
उन्होंने वादा किया था कि यदि भाजपा की सरकार बनती है तो तेंदूपत्ता संग्रहण करने वाली श्रमिक महिलाओं के लिए चरण पादुका योजना पुनः प्रारंभ की जाएगी, जिसे कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में बंद कर दिया था। सरकार बनने के बाद आज इसे पूरा किया जा रहा हैं। योजना के तहत जिले के 62146 महिलाओ का इसका लाभ मिलेगा।
समारोह का आयोजन जिले के छुरा विकासखंड स्थित सामुदायिक भवन में किया गया था। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विशेष रूप से जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, ज़िला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, जिला पंचायत वन समिति सभापति शिवांगी चर्तुवेदी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती मीरा ठाकुर, छुरा नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लुकेश्वरी निषाद, जिला पंचायत सदस्य लेखराम ध्रुवा और नंदनी ओंकार साहू, जिला वनोपज सहकारी संघ अध्यक्ष कल्याण सिंह कपिल, उपाध्यक्ष हरचंद ध्रुव, वनोपज सहकारी संघ रायपुर प्रदेश प्रतिनिधि देवसिंह रात्रें, दयाराम नागेश उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजिम विधायक रोहित साहू ने आगे कहा कि हमारी प्राचीन संस्कृति और इतिहास में चरण को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। चरण से ही प्रणाम होता है, चरण से ही आरंभ। यही भावना इस योजना के मूल में है। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व की सराहना भी की। विधायक ने कहा की छत्तीसगढ़ में सुशासन की सरकार गांव गरीब किसानों के विकास के लिए पूरी निष्ठा से पूरा कर रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में गरीबों, किसानों, महिलाओं और श्रमिकों के हित में लगातार योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ सीधे ज़रूरतमंदों तक पहुंच रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार हर गांव, हर परिवार और हर व्यक्ति की चिंता करने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पारदर्शिता के साथ विकास कार्य हो रहा है। चरण पादुका योजना जैसे जनकल्याणकारी योजनाओं से यह प्रमाण है कि भाजपा सरकार श्रमिकों और जरूरतमंदों के सम्मान और सुविधा के लिए संकल्पित है।
जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने तेंदूपत्ता संग्रहण की शुरुआत कर वनवासी समाज को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की थी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार हमेशा गरीबों, वनवासियों और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की चिंता करती है और उनके विकास के लिए प्रतिबद्ध रहती है।
जिला पंचायत सभापति श्रीमती शिवांगी चतुर्वेदी ने कहा कि यह कार्यक्रम सिर्फ चरण पादुका वितरण का नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान का प्रतीक है। भाजपा सरकार जनता की सेवा कर रही है और समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए संकल्पित है।
तेनुपत्ता वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष कल्याण सिंह कपिल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है निचले स्तर पर कार्यरत श्रमिकों को भी शासन की योजनाओं का सीधे लाभ मिले। इसलिए सरकार ने तेंदूपत्ता लाभांश में भी वृद्धि कर दी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ तेंदूपत्ता संग्रहण में प्रदेश स्तर पर चौथे स्थान पर है, लेकिन अगर अच्छे गुणवत्ता वाले पत्तों का संग्रहण किया जाए, तो हम पहले स्थान पर भी पहुंच सकते हैं।
इसके पहले कार्यक्रम में राज्य केंद्र सरकार द्वारा तेंदूपत्ता संग्रहक परिवार के लिए चलाई जाने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में तेंदूपत्ता संग्रहक परिवार की महिला और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए।