रायपुर। CG News : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से इस वक्त दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र से लापता महिला और उसके 5 साल के बेटे की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने महिला के प्रेमी छत्रपाल सिंगौर और उसके साथी शुभम सिंगौर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने मिलकर इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल ली है।
हत्या के बाद कुएं में फेंके थे शव
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने महिला सुनीता चतुर्वेदी और उसके मासूम बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद शवों को खेत के कुएं में फेंक दिया। अमलेश्वर थाना पुलिस ने जब मामले की तफ्तीश की तो कई सुराग मिलने के बाद दोनों आरोपियों को दबोचा गया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पति की मौत के बाद ससुराल में रह रही थी सुनीता
जानकारी के अनुसार मृतका सुनीता चतुर्वेदी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। पति की मौत के बाद वह अपने 5 साल के बेटे के साथ ससुराल में रह रही थी। 19 जून को सुनीता और उसका बेटा लापता हो गए थे। परिजनों की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर तलाश शुरू की थी।
पुलिस ने ऐसे सुलझाई गुत्थी
जांच के दौरान सुनीता के मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगाले गए। शक की सुई उसके जान-पहचान के छत्रपाल और शुभम सिंगौर पर जा टिकी। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने दोहरे हत्याकांड का राज खोल दिया।
अब दोनों आरोपी सलाखों के पीछे
अमलेश्वर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने खुलासा करने वाली टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।