रायपुर। CG NEWS : छत्तीसगढ़ी साहित्य और हास्य-व्यंग्य के सुप्रसिद्ध कवि, पद्मश्री डॉ. सुरेन्द्र दुबे के निधन की खबर से प्रदेश सहित पूरे साहित्य जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देवसाय ने उनके निधन को “साहित्य जगत के लिए अपूरणीय क्षति” बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा, “अचानक मिली उनके निधन की सूचना से स्तब्ध हूँ। अपने विलक्षण हास्य, तीक्ष्ण व्यंग्य और अनूठी रचनात्मकता से उन्होंने न केवल देश-विदेश के मंचों को गौरवान्वित किया, बल्कि छत्तीसगढ़ी भाषा को वैश्विक पहचान दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई।”
पद्मश्री डॉ. सुरेन्द्र दुबे न केवल एक शानदार कवि थे, बल्कि वे मंच पर अपनी जीवंत प्रस्तुति, तेज़ व्यंग्यबाण और गहरे सामाजिक सरोकारों के लिए जाने जाते थे। उन्होंने हास्य को केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का औज़ार बनाया।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “जीवनपर्यंत उन्होंने समाज को हँसी का उजास दिया, लेकिन आज उनका जाना हम सभी को गहरे शोक में डुबो गया है। उनकी जीवंतता, ऊर्जा और साहित्य के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।”
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि “दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों और असंख्य प्रशंसकों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करें।”
साहित्य जगत में शोक की लहर
प्रदेश के अनेक साहित्यकारों, कवियों और कलाकारों ने भी डॉ. दुबे के निधन को अपूरणीय क्षति बताया है। सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई है, जहां देश भर से उनके प्रशंसक और साथी कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।