गरियाबंद, 27 जून 2025।
पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल आज एक दिवसीय प्रवास पर गरियाबंद पहुंचे। उनके गरियाबंद पहुंचते ही कार्यकर्ताओं और नेताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पूर्व मुख्यमंत्री ने सबसे पहले स्थानीय सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से भेंट-मुलाकात की और वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा की।
इस दौरान कांग्रेस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। कांग्रेस कमेटी के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष आबिद ढेबर के नेतृत्व में नगर पालिका वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद निरंजन प्रधान ने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए गमछा पहनाकर स्वागत किया और उन्हें कांग्रेस परिवार में शामिल होने पर शुभकामनाएं दीं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने क्या कहा
“निरंजन प्रधान जैसे युवा, जमीन से जुड़े हुए जनप्रतिनिधि का कांग्रेस में शामिल होना यह दर्शाता है कि लोग कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा की ओर फिर से भरोसा जता रहे हैं। निरंजन जी का कांग्रेस में आना संगठन के लिए ऊर्जा का काम करेगा और आने वाले चुनावों में इसका असर साफ़ दिखेगा। मैं उन्हें दिल से स्वागत करता हूं और भरोसा दिलाता हूं कि पार्टी में उन्हें पूरा सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी।”
नवशामिल पार्षद निरंजन प्रधान ने क्या कहा
क्षेत्र की जनता के लिए काम करना मेरा प्राथमिक उद्देश्य है, लेकिन वर्तमान में वह उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा था। कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। भूपेश बघेल जी की नेतृत्व शैली और जमीनी जुड़ाव ने मुझे प्रभावित किया, और मैंने बिना किसी दबाव के कांग्रेस से जुड़ने का निर्णय लिया है।”
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
निरंजन प्रधान के कांग्रेस में शामिल होने से स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा देखने को मिली। सर्किट हाउस में जुटे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए उन्हें गर्मजोशी से स्वागत किया। कांग्रेस पदाधिकारियों का मानना है कि नगर पालिका चुनाव के पहले यह एक बड़ी राजनीतिक बढ़त है।
स्थानीय नेतृत्व ने जताई खुशी
नगर कांग्रेस अध्यक्ष और कई वरिष्ठ नेताओं ने भी निरंजन प्रधान का स्वागत करते हुए कहा कि उनका जुड़ना कांग्रेस को निचले स्तर पर मजबूती देगा, खासकर युवा मतदाताओं के बीच।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गरियाबंद दौरे को जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती का संकेत माना, वहीं निरंजन प्रधान जैसे प्रभावशाली पार्षद का कांग्रेस में शामिल होना आगामी चुनावों में नया समीकरण गढ़ सकता है।
विधायक जनक ध्रुव जिलाध्यक्ष भाव सिंह साहू शहर अध्यक्ष प्रेम सोनवानी युगल पांडे सन्नी मेमन केशु सिन्हा गेंद लाल सिन्हा छगन यादव मनीष धुर्व अमित मिरी अवनीश तिवारी जाफ़र ख़ान अनीस मेमन सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यक्रता शामिल हुए