रायपुर। GRAND NEWS : मानवता की मिसाल बन चुकी दशमेश सेवा सोसाइटी द्वारा मेकाहारा अस्पताल परिसर में बीते 14 वर्षों से हर रविवार को जारी लंगर सेवा आज एक बार फिर भव्य आयोजन के रूप में संपन्न हुई। इस अवसर पर हजारों जरूरतमंदों ने लंगर का लाभ उठाया। इस सेवा का उद्देश्य सिर्फ भूख मिटाना नहीं, बल्कि समाज में भाईचारा, सेवा और समर्पण का संदेश फैलाना भी है। आज के आयोजन में समाज के सभी वर्गों के लोगों ने भाग लिया और सेवा दी।
मेधावी छात्रों का सम्मान भी
इस अवसर पर संस्था ने मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान कर उन्हें उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। यह सम्मान उन छात्रों को मिला, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद स्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रमुख उपस्थितगण
इस आयोजन में सोसाइटी के संयोजक प्रीतपाल सिंह होरा, परमिंदर सिंह भाटिया, हरमीत कौर, MIC सदस्य अवतार सिंह बागल, लवली अरोरा समेत अन्य पदाधिकारी और कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
संयोजक प्रीतपाल सिंह होरा ने बताया कि यह सेवा हर रविवार निस्वार्थ रूप से की जाती है और सभी धर्मों के लोग इसमें योगदान देते हैं। यह लंगर न सिर्फ भूख मिटाता है, बल्कि मानवता और एकता का प्रतीक बन गया है। श्री होरा ने आगे कहा कि अस्पताल में भूखे और जरूरतमंद लोगों के लिए लंगर, एक सराहनीय कार्य है जो लोगों को भोजन उपलब्ध कराकर उनकी मदद करता है। यह लंगर उन लोगों के लिए एक वरदान है जो अस्पताल में भर्ती हैं या उनके परिजन हैं जो अस्पताल में भोजन की तलाश में हैं।