गरियाबंद। श्रावण मास का आरंभ धार्मिक आस्था और श्रद्धा के साथ हुआ। इसी पावन अवसर पर गरियाबंद युवा मित्र मंडली के सदस्यों ने झारखंड के देवघर स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ ज्योर्तिलिंग मंदिर में जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी भाजपा युवा नेता डॉ. आशीष शर्मा के नेतृत्व में मंडली के सदस्य श्रद्धा और आस्था के साथ बाबा धाम के लिए रवाना हुए थे।
युवा मित्र मंडली ने सुल्तानगंज (बिहार) से गंगाजल भरकर कांवर यात्रा प्रारंभ की और पदयात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे। शुक्रवार को सावन मास के प्रथम दिन श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जलाभिषेक किया। यात्रा के दौरान पूरे रास्ते ‘बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
यात्रा में अभिषेक डड़सेना, वरिष्ठ पत्रकार जीवन एस. साहू, गरियाबंद भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमित पारख, अतुल गुप्ता, रितेश यादव, लोकेश सिंहा सहित कई अन्य सदस्य शामिल रहे। उन्होंने बताया कि यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ी होती है, बल्कि यह आत्मिक शांति और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है।
बढ़ रही है बोल बम श्रद्धालुओं की संख्या
मंडली के सदस्यों ने बताया कि प्रतिवर्ष बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। विशेषकर छत्तीसगढ़ के गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, रायपुर जैसे जिलों से बड़ी संख्या में बोल बम के जत्थे देवघर पहुंचते हैं। यह सिलसिला सावन शुरू होते ही पूरे महीने भर चलता है।
डॉ. आशीष शर्मा ने दी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं
भाजपा युवा नेता डॉ. आशीष शर्मा ने इस अवसर पर समस्त कांवरियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी में संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है। बाबा बैद्यनाथ से यही प्रार्थना है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश सुखी, शांत और समृद्ध बना रहे।
श्रद्धा, ऊर्जा और आस्था का संगम
बाबा बैद्यनाथ की कांवर यात्रा केवल एक धार्मिक क्रिया नहीं, बल्कि यह जनमानस की श्रद्धा, ऊर्जा और भक्ति का संगम है। इसमें शामिल होकर लोग अपनी आत्मा को शुद्ध करते हैं और समाज के लिए सकारात्मक संदेश लेकर लौटते हैं। यह यात्रा नई पीढ़ी को भी धार्मिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करती है।