गरियाबंद।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की ईडी द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में गरियाबंद जिला कांग्रेस कमेटी और युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को तिरंगा चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार और भाजपा का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध और लोकतंत्र पर हमला बताया।
कार्यकर्ताओं का आरोप था कि भाजपा सरकार के इशारे पर ईडी विपक्ष की आवाज को दबाने का काम कर रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि,
“कभी देवेंद्र यादव के जन्मदिन पर, कभी भूपेश बघेल के जन्मदिन पर और अब चैतन्य बघेल के जन्मदिन पर छापा मारकर भाजपा लोकतंत्र का मज़ाक बना रही है। ये केवल विपक्ष नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ को दबाने की कोशिश है।”
“जितना दबाओगे, उतना उबालेंगे!” – युवा कांग्रेस की चेतावनी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी की कार्रवाई को दुरुपयोग बताते हुए मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के निवास घेराव की चेतावनी दी है।
“हमारे दिलों में आग है। भाजपा जितनी ताकत लगाएगी, कांग्रेस उससे दोगुनी ताकत से जनता की आवाज़ को बुलंद करेगी।” – प्रदर्शनकारियों ने कहा।
नेताओं के तीखे बयान
पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष संजय नेताम ने कहा,
“भाजपा सरकार अडानी की गुलाम बन चुकी है। रायगढ़ तमनार में पेड़ों की कटाई जैसे गंभीर मामले को दबाने के लिए यह गिरफ्तारी की गई।”
वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष भाव सिंह साहू ने कहा,
“जब भी विधानसभा सत्र आता है, कांग्रेस को डराने धमकाने के लिए भाजपा सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करती है। पहले बघेल जी के सलाहकार को निशाना बनाया गया, अब उनके बेटे को गिरफ्तार कर लोकतंत्र को अपमानित किया गया है।”
: चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी
ज्ञात हो कि शुक्रवार सुबह ईडी की टीम ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर छापेमारी कर उनके बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया, जिन्हें पांच दिन की रिमांड पर लिया गया है। भूपेश बघेल ने ट्वीट कर इस कार्रवाई को “जन्मदिन का भाजपा-शैली तोहफ़ा” बताया था।