बीजापुर। CG NEWS : जिले के तर्रेम थाना क्षेत्र में नक्सलियों की एक बार फिर कायराना करतूत सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम छुटवाई निवासी कवासी जोगा उम्र करीब 55 वर्ष और बड़ा तर्रेम निवासी मंगलू कुरसम उम्र करीब 50 वर्ष की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। यह दर्दनाक घटना 20 और 21 जुलाई की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। 4-5 अज्ञात नक्सलियों ने धारदार हथियारों से लैस होकर दोनों ग्रामीणों की बेरहमी से हत्या कर दी। थाना तर्रेम पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।
नक्सली बेटे ने किया था सरेंडर
बताया जा रहा है कि, कुरसाम मंगलू के बेटे नंदू ने सरेंडर किया था। नंदू घर पर मौजूद नहीं था। आशंका है कि उसकी हत्या करने माओवादी आए थे। वो नहीं मिला तो पिता कुरसाम मंगलू की हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में डर और गुस्सा दोनों देखा जा रहा है। पुलिस ने अतिरिक्त बल भेजकर इलाके में गश्त तेज कर दी है।