![बीरगांव की उलझी गणित सुलझी, कांग्रेस को मिल गया अब बहुमत](https://grandnews.in/wp-content/uploads/2021/12/25_11_2021-birgaon_nagar_nigam-new_2-e1640258528199.jpg)
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव फेस —2 के तहत गुरुवार को 4 नगर निगम, 5 नगर पालिका और 6 नगर पंचायतों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। कांग्रेस ने सभी 6 नगर पंचायतों में एकतरफा जीत हासिल की है, तो नगर पालिकाओं में 4 पर कब्जा जमाया है, वहीं 1 भाजपा के खाते में गया है। नगर निगमों की बात की जाए तो समीकरण उलझा हुआ नजर आया है। हालांकि रिसाली नगर निगम में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिल गया है, लेकिन बीरगांव की तरह चरोदा नगर निगम में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से 2 कदम पीछे है।
इधर, बीरगांव में कांग्रेस ने उलझी हुई गणित को सुलझा लिया है। घोषित परिणाम में कांग्रेस को 19, भाजपा को 10 और अन्य के खाते में 11 सीटें थीं। इनमें से दो निर्दलीय पार्षदों को कांग्रेस की सदस्यता दिलाकर रायपुर ग्रामीण विधायक सत्यनारायण शर्मा ने कांग्रेस की उलझन को दूर कर दिया है।
बीरगांव नगर निगम में कुल 40 वार्ड हैं, लिहाजा पूर्ण बहुमत 21 वार्डों की जीत पर ही संभव है, जबकि कांग्रेस समर्थित 19 पार्षदों ने जीत हासिल की थी। अब इस 2 के अंतर को पााटने के लिए स्वाभाविक तौर पर निर्दलियों को अपने खेमे में लाना जरुरी थी। ऐसे में स्थानीय विधायक सत्यनारायण शर्मा ने दो निर्दलीय पार्षदों को पार्टी में शामिल होने का अवसर देते हुए उस अंतर को भी पाटकर कांग्रेस की राह को आसान कर दिया है। लिहाजा अब बीरगांव नगर निगम में कांग्रेस की सरकार बनना तय हो गया है।