जगदलपुर। CG Municipal elections : बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में 2025 नगर निगम चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूरी ताकत झोंक दी है। महापौर पद के लिए कांग्रेस ने मलकी सिंह गैदु को प्रत्याशी बनाया है, जबकि भाजपा ने संजय पांडे पर दांव खेला है। दोनों ही प्रत्याशी चुनाव प्रचार में पूरी ऊर्जा के साथ जुटे हुए हैं।
जनता से मिल रहे समर्थन का दावा
कांग्रेस प्रत्याशी मलकी सिंह गैदु अपने समर्थकों के साथ सुबह से ही प्रचार अभियान में जुट जाते हैं। उन्होंने जनता से वादा किया है कि यदि वे महापौर चुने जाते हैं तो शहर के विकास के रुके हुए कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। दूसरी ओर, भाजपा प्रत्याशी संजय पांडे भी अपने समर्थकों के साथ जनसंपर्क कर रहे हैं। उनका कहना है कि पिछले 10 वर्षों में कांग्रेस की महापौर सरकार ने जगदलपुर शहर की हालत बदतर कर दी है, जिसे भाजपा प्राथमिकता से सुधारने का काम करेगी।
चुनावी माहौल में दिखी उत्साह की लहर
चुनाव प्रचार के दौरान दोनों ही दलों के समर्थक पूरे जोश में नजर आ रहे हैं। सड़कों पर नाचते-गाते समर्थकों के बीच प्रत्याशी भी झूमते दिखाई दे रहे हैं। शहर में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा चुका है, और मतदाताओं को लुभाने के लिए दोनों ही पार्टियां पूरी ताकत झोंक रही हैं।