महासमुंद। CG NEWS : नगर पंचायत तुमगांव में निर्दलीय प्रत्याशी बलराम कांत साहू के घर आधी रात को पहुंची पुलिस को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। बिना किसी वारंट और स्पष्ट कारण के गिरफ्तारी के लिए आई पुलिस को ग्रामीणों के आक्रोश के चलते उल्टे पांव लौटना पड़ा। हालात ऐसे बने कि पुलिस को अपना वाहन तक छोड़कर भागना पड़ा। दरअसल तुमगांव पुलिस और साइबर सेल की एक टीम बुधवार देर रात निर्दलीय प्रत्याशी बलराम कांत साहू के घर पहुंची। पुलिस के अचानक पहुंचने से परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घेर लिया और उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मामला बढ़ता देख पुलिसकर्मी वाहन छोड़कर मौके से भाग खड़े हुए।
पुलिस का कहना है कि कुछ दिन पहले बलराम कांत साहू के भाई को महाराष्ट्र की शराब के साथ गिरफ्तार किया गया था। बीती रात एक संदेहास्पद महाराष्ट्र की वाहन देखे जाने के कारण पूछताछ के लिए पुलिस गई थी, लेकिन ग्रामीणों के आक्रोश के चलते पुलिस को वहां से लौटना पड़ा। बलराम कांत साहू और उनके परिजनों का आरोप है कि पुलिस उन्हें डराने और चुनावी माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने पुलिस पर झूठे केस में फंसाने का भी आरोप लगाया। इस घटना के बाद पूरे तुमगांव में तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने पूरी रात प्रदर्शन किया।