रायपुर। RAIPUR CRIME : रायपुर में जेवर चमकाने के नाम पर गहने हड़पने-ठगी करने वाले गिरोह के 6 आरोपियों को पुलिस ने भनपुरी इलाके से धरदबोचा है। बताया जा रहा है कि, सभी आरोपी बिहार से आए थे और पहले भिलाई में ठगी की। इसके बाद खमतराई इलाके में बुजुर्ग महिला से जेवर चमकाने के नाम पर ठगी की थी।
ये भी पढ़ें : CG Nikay Chunav 2025 : चुनाव के एक दिन पहले पैसा बांटते पकड़ाया BJP पार्षद प्रत्याशी, देखें Viral Video
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी लाल उमेंद सिंह ने बताया कि खमतराई में जेवर चमकाने के नाम पर गहने हड़पने का मामला दर्ज हुआ था। इसकी जांच के दौरान पुलिस को भनपुरी इलाके में कुछ संदिग्ध किराए के मकान में रहने पहुंचने का पता चला। इसके बाद पुलिस की टीम ने मौके पर छापा मारा। मौके से अमरदीप शाह, मुकेश भगत, शिकेन्द्र शाह, विपिन कुमार, शम्भू शाह और अमित कुमार को गिरफ्तार किया गया। सभी बिहार के कटिहार के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार किया। रायपुर से पहले भिलाई में भी इसी तरीके से वारदात करने का खुलासा किया।
बता दें खमतराई के संतोषी नगर निवासी पी. सरोजनी शनिवार को सुबह करीब 11 अपने घर में थीं। इस दौरान घर का गेट खसकाकर दो युवक अंदर आए और बोले की टाइल्स, तांबा, पीतल, सोना-चांदी के जेवर व बर्तन साफ करने का पाउडर बेचते हैं, गुजरात से आए हैं। इस पर उन्होंने जांच के लिए तांबे का लोटा दिया। उसे उन्होंने साफ कर दिया। इसके बाद सोने-चांदी के गहने को चमकाने के लिए मांगा, तो महिला ने मना कर दिया। इसी दौरान युवकों ने उनके गले के चेन में लाल पाउडर लगा दिया। इससे उन्हें जलन होने लगी। युवकों ने कहा कि चेन और हाथ के कंगन उतार दो, नहीं तो गला और हाथ जल जाएगा। महिला ने घबराकर गहने उतरकर उन्हें दे दिया। इसके बाद अन्य गहनों को भी लेकर कटोरी में रखे पानी में डाल दिया। उसमें एक पत्थर डाला। इसके बाद उसे निकालकर एक पॉलीथिन में डाला। उसमें सफेद पाउडर थे। पॉलीथिन में स्टेपलर लगाकर महिला को वापस दे दिया। उसे 10 मिनट बाद खोलने के लिए कहा। इसके बाद युवक वहां से निकल गए। कुछ देर बाद महिला ने पॉलीथिन को खोला, तो उसमें प्लास्टिक की चूड़ियां थी। इसके बाद महिला ने अपने पति को बताया। दोनों घर से बाहर निकले, तो तीन बाइक में सभी 6 युवक भाग निकले थे। इसकी शिकायत पर खमतराई पुलिस ने अपराध दर्ज किया।