कोरबा। CG NEWS : प्रगति नगर-कोरबा मार्ग पर बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। दर्री क्षेत्र में हसदेव नदी पर बने नए पुल के पास एक फ्लाई ऐश कैप्सूल वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक कच्चे मकान में जा घुसा। गनीमत रही कि हादसे के वक्त मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना बीती रात करीब 1 बजे हुई। फ्लाई ऐश से लदा यह भारी वाहन तेज गति से गुजर रहा था, तभी चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया और ट्रक मकान में जा घुसा। घटना की तेज आवाज से आसपास के लोग जाग गए और मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को हिरासत में ले लिया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, प्रगति नगर मार्ग पर पहले भी कई वाहन हादसों का शिकार हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रात्रि के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। इसलिए वे प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि पुल के दोनों ओर और इस मार्ग पर रंबल स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके। जिस मकान में वाहन घुसा, वहां रहने वाले परिवार के लोग फिलहाल दूसरी जगह निवास कर रहे थे। अगर वे वहां मौजूद होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।