दुर्ग। CG NEWS : दुर्ग जिले में पिछले 16 वर्षों से आयोजित हो रही बोल बम की बारात इस बार और भी भव्य रूप में निकाली जाएगी। श्रद्धालुओं का उत्साह और उमंग इस बार अधिक देखने को मिल रही है, क्योंकि बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति के अध्यक्ष दया सिंह और उनकी टीम द्वारा घर-घर जाकर आमंत्रण कार्ड वितरित किए जा रहे हैं। इन कार्डों को देख लोगों में उमंग और उत्साह दोनों का माहौल है।
आज सुपेला मार्केट में कार्ड वितरण की प्रक्रिया शुरू की गई। दया सिंह ने बताया कि इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे।
बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति के कार्यकर्ता विभिन्न इलाकों में आमंत्रण कार्ड का वितरण कर रहे हैं। सुपेला मार्केट में आज व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी आमंत्रण दिया गया। दया सिंह ने बताया कि पूरे प्रदेश में कुल 31 हजार कार्ड वितरित किए जाएंगे और आयोजन को भव्य बनाने के लिए समिति के सभी सदस्य कड़ी मेहनत से जुटे हुए हैं।
यह आयोजन धार्मिक आस्था का प्रतीक तो है ही, साथ ही यह छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को भी उजागर करेगा। इस कड़ी में 23 फरवरी को एक भव्य संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा, जो जोन-2 दुर्गा मंदिर मैदान में रात 7 बजे से प्रारंभ होगा। इस कार्यक्रम में शहनाज अख्तर और उनकी टीम सहित कई प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुति होगी।
इसके अलावा, आंध्र प्रदेश से श्रीकाकुलम नवदुर्गा अधोरत लोकनृत्य, श्री महादेव आर्ट ग्रुप हरियाणा, और केरल से हनुमान भगवान का विशाल रूप और अन्य आकर्षक प्रस्तुतियाँ होंगी। छत्तीसगढ़ के भजन सम्राट दूकालु यादव भी अपनी संगीत प्रस्तुति देंगे।
जबलपुर द्वारा ग्यारह विशाल झांकियाँ भोले बाबा के दुल्हे के रूप में, समुंद्र मंथन, बस्तर का कोया नृत्य, और अन्य कई भव्य झांकियाँ प्रदर्शित की जाएंगी। इस आयोजन में 4000 से अधिक लोग भाग लेंगे और 21 झांकियाँ छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से इस बारात में शामिल होंगी।
यह आयोजन ना केवल श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोक कला और संस्कृति को भी उजागर करेगा।